इंटरनेशनल योगा डे: लखनऊ में बारिश के बीच गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने किया योग- देखें Pic | Zee News Hindi
Jun 21, 2016

लखनऊ : दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को यहां केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया और लखनऊवासियों के साथ योगा किया। सुबह ही बादलों ने मुंह खोला और लखनऊ व उसके आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। तड़के हुई भारी वर्षां के कारण कार्यक्रम का आयोजन पंडाल में किया गया।

जानकारी के अनुसार, राजनाथ सिंह ने बारिश में भीगते हुए तकरीबन आधे घंटे तक योग किया। लखनऊ में आज सुबह 4.30 बजे से लगातार बारिश हो रही थी। ऐसे में राजनाथ सिंह कार्यक्रम स्‍थल पर आधे घंटे लेट से पहुंचे थे। राजनाथ सिंह की योगासन वाली तस्‍वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गई।

लखनऊ और आस-पास के जिलों में हुई वर्षा हालांकि लोगों को इस कार्यक्रम में भाग लेने से नहीं रोक पाई। सुबह छह बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने आम लोगों के साथ योग आसन किए। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि योग का आधार मानवीय है। अमेरिका में रोज योग करने वालों का आंकड़ा दो से ढाई करोड़ का है। आज के कार्यक्रम ने यह बता दिया की विपरीत परिस्थितियों में भी देश एक हो सकता है। उन्होंने कहा कि योग किसी धर्म का  नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और मन की शांति पाने का माध्यम है।

मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी, कानपुर, मेरठ, आगरा और इलाहाबाद में लाखों लोगों ने योग शिविर में हिस्सा लिया।

Tags:

0 Comments

Submit a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *