योग दिवस: कई आयोजन स्थलों पर बड़ी तादाद में योगासान करने जुटे दिल्लीवासी | Zee News Hindi
Jun 21, 2016

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के लिए योग के लिए बने कई आयोजन स्थलों में मंगलवार को बड़ी तादाद में लोग योगासन करने के लिए जुटे।

सुबह साढ़े पांच बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम के लिए कनॉट प्लेस में तकरीबन 10,000 कार्यकर्ता जुटे थे। लोग सवेरा होने से पहले ही वहां जुटने शुरू हो गए थे। विशाल आयोजन के लिए प्रतिभागी कनॉट प्लेस के इनर, मिड्ल और आउटर सर्किल पर जमा हुए थे। कनॉट प्लेस के अलावा आयुष मंत्रालय ने छह अन्य स्थानों – लोदी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन, रोहिणी में स्वर्ण जयंती पार्क, पटपड़गंज में यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और द्वारका में डिस्ट्रिक्ट पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया। मंत्रालय की ओर से चिह्नित कम से कम 100 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने भी योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उप राज्यपाल नजीब जंग और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी के साथ शहरी विकास एवं संसदीय मामलों के मंत्री वेंकैया नायडू भी मंच पर शामिल थे। बाद में ये गणमान्य व्यक्ति वहां उपस्थित लोगों के साथ मिलकर 45 मिनट योग नियमों में शामिल हुए। दिल्ली के कनॉट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम में योग पर वार्ता और संगीतमय कार्यक्रम भी देखने को मिला। शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के दो समूहों ने व्हीलचेयर पर योग पर विशेष प्रस्तुतियां दीं।

सीआईएसएफ की महिला कमांडो दल के साथ ढाई सौ सीआईएसएफ जवानों के एक दल ने फिलीपीनी मार्शल आर्ट ‘पेकिती तिरसिया कली’ का प्रदर्शन किया।

तड़के तीन बजे से सुबह नौ बजे तक कनॉट प्लेस यातायात के लिए बंद था। हर सड़क पर बम निरोधक दस्ता सहित भारी सुरक्षा के इंतजाम थे। कई जगहों पर कई एंबुलेंस को भी देखा जा सकता था। एनडीएमसी और पुलिसकर्मियों को भी भीड़ की मदद करते और कार्यक्रम का प्रबंधन करते देखा गया। इस दौरान कनॉट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह और मिस इंडिया 2014 कोयल राणा जैसी हस्तियां भी मौजूद थीं। संग्राम सिंह ने बताया कि किस तरह से योग ने उन्हें शारीरिक व्याधियों से उबरने में उनकी मदद की। नागर विमानन मंत्रालय सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी अपने अपने कार्यालय परिसर में अपने कर्मचारियों के लिए आयोजित कार्यक्रमों की मेजबानी की।

नागर विमानन मंत्रालय और भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के कर्मचारियों, सचिव आर एन चौबे सहित करीब 200 अधिकारियों ने राजीव गांधी भवन के लॉन में योगासन किया। कनॉट प्लेस के कार्यक्रम का आयोजन करने वाले एनडीएमसी के अधिकारी के मुताबिक, कार्यक्रम संतोषजनक और सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए उम्मीद से अधिक लोग आए थे।

Tags:

0 Comments

Submit a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *